Ranchi: डिप्लोमा-इन-फार्मेसी प्रथम वर्ष की वार्षिक थ्योरी परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं. अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर रांची कुमार रजत ने बीएनएसएस की धारा-163 के तहत परीक्षा केंद्र के आसपास निषेधाज्ञा लागू कर दी है.
परीक्षा की तिथि और केंद्र की जानकारी
यह परीक्षा 16 अप्रैल से 18 अप्रैल 2026 तक नामकुम स्थित वाईबीएन यूनिवर्सिटी, राजौलातू परीक्षा केंद्र पर आयोजित की जा रही है. प्रशासन को आशंका है कि असामाजिक तत्व परीक्षा के दौरान भीड़ एकत्र कर विधि-व्यवस्था भंग करने की कोशिश कर सकते हैं. इसे देखते हुए केंद्र के 200 मीटर की परिधि में विशेष प्रतिबंध लगाए गए हैं.
क्या-क्या रहेंगे प्रतिबंध
जारी आदेश के अनुसार, इस क्षेत्र में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी. इसके अलावा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, किसी भी प्रकार के हथियार—चाहे आग्नेयास्त्र हों या पारंपरिक हथियार—लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा. किसी भी प्रकार की सभा या बैठक आयोजित करने की भी अनुमति नहीं होगी.
Also Read: हर दिन रोटी-चावल, फिर भी बढ़ रहा वजन? नई स्टडी ने उठाए चौंकाने वाले सवाल
किन्हें मिलेगी छूट और सुरक्षा व्यवस्था
हालांकि, सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी, कर्मचारी एवं शवयात्रा को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है. परीक्षा केंद्र पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की भी तैनाती की गई है.
निषेधाज्ञा की अवधि और प्रशासन की अपील
यह निषेधाज्ञा 16 अप्रैल से 18 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 5 बजे से शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगी. प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन में सहयोग दें.
