रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में सफलता का परचम लहराने वाले सभी परिश्रमी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं. मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया.
सरकार शिक्षा व्यवस्था को समग्र और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए है प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को समग्र और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए संदेश दिया कि शिक्षा प्रणाली को निरंतर मजबूत किया जा रहा है ताकि अंतिम पायदान पर खड़े बच्चे को भी बेहतर अवसर मिल सकें.
Also Read: स्मार्ट सिटी से पहले स्मार्ट स्कूल, युवा कांग्रेस ने फूंका हर गांव स्मार्ट स्कूल मुहिम का बिगुल
निराश न हों, आत्मविश्वास के साथ बढ़ें आगे
जो छात्र इस बार अपनी अपेक्षा के अनुरूप परिणाम हासिल नहीं कर पाए, उनके लिए मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा कि उन्हें बिल्कुल भी निराश होने की आवश्यकता नहीं है. उन्होंने आह्वान किया कि समर्पण और आत्मविश्वास के साथ निरंतर मेहनत जारी रखें, क्योंकि दृढ़ संकल्प ही अंततः सफलता की कुंजी है.
