RANCHI: झारखंड में उत्पाद सिपाही परीक्षा समेत हाल की कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के आरोपों को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार पर हमला बोला है. पार्टी नेताओं ने नौकरियों में भ्रष्टाचार और संदिग्ध एजेंसियों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं.
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
भाजपा विधायक नवीन जयसवाल ने कहा कि यह सिर्फ पेपर लीक नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है. उन्होंने तमाड़ में 179 अभ्यर्थियों और गिरोह के सरगना की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि मामले में लीपापोती की जा रही है.
उन्होंने कहा कि अगर सरकार साफ है, तो तुरंत इन मामलों की CBI जांच करानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके.
ब्लैकलिस्टेड एजेंसियों पर सवाल
भाजपा प्रवक्ता अमित मंडल ने आरोप लगाया कि जिन एजेंसियों को बिहार और ओडिशा में ब्लैकलिस्ट किया गया है, झारखंड में उन्हीं को काम दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि नई और अनुभवहीन एजेंसियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल करना एक बड़ा खेल हो सकता है.
आंदोलन की चेतावनी
भाजपा ने कहा कि उसे राज्य की जांच एजेंसियों पर भरोसा नहीं है. पार्टी ने पिछले 3 वर्षों में हुई JPSC और JSSC की सभी विवादित परीक्षाओं की CBI जांच की मांग की है.भाजपा ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वह सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी.
