Palamu: जिले के मेदिनीनगर नगर निगम में आज महापौर अरुणा शंकर की अध्यक्षता में स्थायी समिति के चुनाव की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई, जिसमें निगम के सभी सात जोन के अध्यक्षों का चुनाव किया गया. यह महत्वपूर्ण बैठक नगर निगम सभागार में आयोजित की गई, जिसमें सभी वार्ड पार्षदों के साथ उप महापौर मनोज सिंह की भी सक्रिय उपस्थिति रही.
इन वार्डों से चुने गए अध्यक्ष
चुनाव के दौरान जोन-1 से रौशन कुमार, जोन-2 से नीरा देवी, जोन-3 से अमित कुमार सिंह, जोन-4 से नवीन कुमार प्रसाद, वार्ड-5 से नीतू सिंह, वार्ड-6 से रवींद्र कुमार तथा वार्ड-7 से अर्चना कुमारी को सर्वसम्मति से चयनित किया गया.
जल्द होगा वार्ड समितियों का गठन
इस दौरान महापौर ने बताया कि नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए जल्द ही वार्ड समितियों का भी गठन किया जाएगा, ताकि विकास योजनाओं को धरातल पर तेजी से उतारा जा सके.
25 तारीख से पहले तैयार होगा एस्टीमेट
महापौर अरुणा शंकर ने बैठक में निगम के अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आगामी 25 तारीख से पहले सभी वार्डों में जर्जर एवं खराब पड़ी नालियों और सड़कों का विस्तृत एस्टीमेट तैयार किया जाए, जिसे बोर्ड से पारित कराते हुए शीघ्र कार्य प्रारंभ कराया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
रेड़मा चौक से अस्पताल चौक तक सड़क चौड़ीकरण की तैयारी
इसके अतिरिक्त उन्होंने विशेष रूप से रेड़मा चौक से अस्पताल चौक तक की सड़क के चौड़ीकरण हेतु प्राक्कलन तैयार करने का भी निर्देश दिया, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके.
जलजमाव वाले क्षेत्रों में लगेंगी महापौर चौपाल
महापौर ने कहा जिन क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या पिछले वर्ष हुई थी, वहां स्थानीय स्तर पर प्रचार-प्रसार कर स्वयं जन चौपाल आयोजित करेंगी, जिसमें आम जनता सीधे अपनी समस्याएं रख सकेगी और मौके पर ही उपस्थित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं के माध्यम से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि पारदर्शी एवं जनसहभागिता आधारित विकास को बढ़ावा मिल सके.
Also Read: आरक्षण में अड़ंगा मंजूर नहीं, महिला बिल को परिसीमन से जोड़ने पर कांग्रेस के सवाल
पानी, स्ट्रीट लाइट व सफाई पर होगी विशेष बैठक
महापौर ने बताया कि कल एक विशेष बैठक पानी, स्ट्रीट लाइट एवं सफाई पर रखी गई है. महापौर ने कहा कि नगर निगम का काम 2 महीने के अंदर ट्रैक पर आ जाएगा.
सुविधा शुल्क लेते हैं तो सुविधा देना हमारा फर्ज
महापौर ने कहा कि अगर हम निगम वासियों से सुविधा शुल्क लेते हैं तो सुविधा देना निगम का फर्ज है. जल्द निगम के कार्य एवं कार्य प्रणाली में बदलाव दिखेगा.
