Seraikela: दक्षिण पूर्वी रेलवे के आद्रा प्रमंडल अंतर्गत चांडिल जंक्शन के पास स्थित पितकी रेलवे गेट पर लगने वाले जाम से लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है. गुरुवार को रेलवे ने ओवरब्रिज के एक तरफ के क्रॉसिंग पर गर्डर लॉन्चिंग का काम पूरा कर लिया.
जाम से परेशान लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
पितकी रेलवे गेट पर लगातार जाम की समस्या बनी रहती थी, जिससे बस, ट्रक और आम यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी. ट्रेनों की आवाजाही के कारण फाटक बार-बार बंद होता था और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती थी. इस दौरान एंबुलेंस और स्कूली बच्चों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था.
जल्द शुरू होगी एक लेन से आवाजाही
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अब गर्डर के ऊपर सड़क निर्माण का कार्य तेजी से किया जाएगा. सड़क निर्माण पूरा होते ही ओवरब्रिज के एक हिस्से को आमजन के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे एक लेन से वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकेगी और जाम की समस्या में काफी हद तक राहत मिलेगी.
ALSO READ: JPSC परीक्षा: गिरिडीह में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हजारों अभ्यर्थी शामिल होंगे
दूसरे हिस्से का काम भी जल्द शुरू होने की उम्मीद
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि पूरे ओवरब्रिज के बन जाने के बाद पितकी गेट पर जाम की समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी. फिलहाल दूसरे हिस्से के गर्डर लॉन्चिंग का काम भी जल्द शुरू होने की संभावना है.
