सरायकेला: जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. बुधवार को चलाए गए छापामारी अभियान में तीन अवैध चुलाई अड्डों को ध्वस्त किया गया. इस दौरान 40 लीटर अवैध चुलाई शराब और 1100 किलोग्राम जावा महुआ बरामद हुआ.
सभी अभियुक्त मौके से फरार
उपायुक्त सरायकेला-खरसावां नीतिश कुमार सिंह के निर्देश एवं अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई. उत्पाद विभाग की टीम ने ग्राम मुंडाकाटी, विश्रामपुर तथा मंझगांव टोला जोगोडा में एक साथ छापामारी की. छापामारी के दौरान टीम को देखकर सभी अभियुक्त मौके से फरार हो गए. बरामद 40 लीटर चुलाई शराब और 1100 किलोग्राम जावा महुआ को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर नष्ट कर दिया गया.
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि सभी नामजद/अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है. दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. लोगों से अपील की गई है कि अवैध शराब की सूचना उत्पाद विभाग को दें.
यह भी पढ़ें: फर्जी बीमा एजेंट बनकर 5.5 लाख की ठगी, प्री-मैच्योरिटी के नाम पर रांची के व्यक्ति को बनाया शिकार
