रांची: झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने राज्य की चरमराती बिजली व्यवस्था और जनसमस्याओं को लेकर हेमंत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, कल यानी 17 अप्रैल 2026 को सुबह 11:00 बजे राज्य के सभी जिलों में बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव किया जाएगा. इस आंदोलन के माध्यम से भाजपा बिजली कटौती और विभाग की कथित अनियमितताओं पर अपना विरोध दर्ज कराएगी.
प्रमुख नेताओं को सौंपी गई कमान
आंदोलन को सफल बनाने के लिए पार्टी ने जिलावार वरिष्ठ नेताओं और प्रमुख वक्ताओं की सूची जारी की है. राजधानी रांची में आंदोलन का नेतृत्व सी.पी. सिंह और नवीन जायसवाल करेंगे. वहीं जमशेदपुर महानगर में आभा महतो और पूर्णिमा दास कमान संभालेंगी. धनबाद में राज सिन्हा और शत्रुघ्न महतो, जबकि बोकारो में दिलीप वर्मा को मुख्य वक्ता के रूप में जिम्मेदारी दी गई है.
प्रमुख जिलों और वक्ताओं की सूची
भाजपा ने सभी 24 जिलों के लिए रणनीतिक तौर पर नेताओं की तैनाती की है:
खूंटी: नीलकंठ सिंह मुंडा और सुनीता सिंह.
चाईबासा: गीता कोड़ा, बड़कुंवर विरूवा और जे.बी. तुबिद.
दुमका: सुनील सोरेन और देवेन्द्र कुंवर.
हजारीबाग: मनोज यादव, अमित यादव और प्रदीप प्रसाद.
पलामू: आलोक चौरसिया और शशिभूषण मेहता.
पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता जैसे डॉ. नीरा यादव (कोडरमा), रणधीर सिंह (जामताड़ा) और नारायण दास (देवघर) भी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे. भाजपा का मानना है कि वर्तमान सरकार बिजली के मुद्दे पर पूरी तरह विफल रही है, जिससे आम जनता और किसान बेहद परेशान हैं. कल होने वाले इस घेराव कार्यक्रम में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: रांची: अनगड़ा में वज्रपात का कहर, दो की मौत, एक दर्जन झुलसे
