रांची: अनगड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम विभिन्न जगहों पर वज्रपात से भारी तबाही हुई है. इन प्राकृतिक घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग बुरी तरह झुलस गए हैं. अचानक हुई इन घटनाओं से ग्रामीण कुछ समझ नहीं पाए और पूरे इलाके में दहशत व अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
टेंट में मोबाइल देख रहे थे मजदूर, तभी गिरी गाज
जानकारी के अनुसार, जोन्हा के समीप बुढ़कोचा में एक हाईटेंशन टावर के निर्माण कार्य में लगे मजदूर मौसम खराब होने पर बचाव के लिए वहां लगे टेंट में चले गए थे. बताया गया कि वे टेंट के अंदर मोबाइल देख रहे थे, इसी दौरान अचानक वज्रपात हुआ और वे इसकी चपेट में आ गए. इस दर्दनाक घटना में सिरपा नयाटोली निवासी गोरा मुंडा (28) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, चातमबाड़ी सिल्ली के बिजला मुंडा (28), बंगाल के संतु दास (30), कोकोदोरो पिठौरिया के साहिल (22) और हेसल के नजबुल अंसारी झुलस गए.
घटना के बाद आनन-फानन में घायलों को पहले जोन्हा के मेसो अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए टाटीसिलवे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
आंगन में बैठे व्यक्ति की गई जान
वज्रपात की एक अन्य घटना जरगा महुआढीपा में हुई. यहां अपने घर के आंगन में बैठे संजय मुंडा (40) की वज्रपात की चपेट में आने से जान चली गई.
अन्य इलाकों में भी गिरे ठनके, कई झुलसे
क्षेत्र के अन्य हिस्सों में भी वज्रपात ने नुकसान पहुंचाया है. हेसलाबेड़ा में हुए वज्रपात में मंगा उरांव (63) झुलस गए. वहीं, जरगा भागलपुर में अपने घर के आंगन में खड़ी 35 वर्षीय महिला लीला देवी भी वज्रपात की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई हैं. ग्रामीण उसका इलाज गोबर लेपकर कर रहे हैं. इधर आंधी से जोन्हा अमरूद बगान निवासी पंकज सोनकर के घर पर विशाल नीम का पेड़ गिर गया, जिससे घर क्षतिग्रस्त हो गया.
यह भी पढ़ें: सरायकेला में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर बड़ी तैयारी, 20 अप्रैल से विशेष अभियान शुरू
