Bokaro: बेरमो अनुमंडल क्षेत्र के डीवीसी बोकारो थर्मल में सेवानिवृत्त कर्मी 70 वर्षीय जय प्रकाश गुप्ता की शनिवार को उनके आवास संख्या E-16B के बाथरूम में गिरने से संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई.
आवास खाली करने आए थे
बताया गया कि वे मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और वर्तमान में मुंबई में अपनी पुत्री के साथ रह रहे थे. वे बीते बुधवार को ही डीवीसी का आवास खाली कर विभाग को सौंपने के लिए बोकारो थर्मल आए थे.
फोन नहीं उठाने पर बढ़ी चिंता
घटना का पता तब चला जब शुक्रवार रात से उनके कोलकाता, बेंगलुरु और मुंबई में रहने वाले बेटे और बेटी लगातार फोन कर रहे थे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा था. अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने बोकारो थर्मल में रहने वाले उनके रिश्तेदार बैद्यनाथ प्रसाद उर्फ बैजू को सूचना दी.
Also Read: झारखंड विशेष सहायक शिक्षक भर्ती: 3,451 पदों के लिए 5 मई से शुरू होगी परीक्षा
दरवाजा तोड़कर मिला शव
शनिवार सुबह करीब 11 बजे जब बैद्यनाथ प्रसाद उनके आवास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था. काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया. अंदर जाकर देखा गया तो जय प्रकाश गुप्ता का शव बाथरूम में पड़ा मिला.
भावुक बयान बना चर्चा का विषय
स्थानीय लोगों के अनुसार, दो दिन पहले ही उन्होंने भावुक होकर कहा था कि वे बोकारो थर्मल छोड़कर कहीं नहीं जाना चाहते. लेकिन डीवीसी द्वारा आवास का किराया करीब 60 गुना बढ़ा दिए जाने के कारण उन्हें मजबूरी में घर खाली करना पड़ रहा था. उन्होंने यह भी कहा था कि अगर उनकी मृत्यु यहीं हो, तो उन्हें सुकून मिलेगा.
परिजनों के आने के बाद होगा अंतिम संस्कार
बताया जाता है कि उनकी पत्नी का निधन करीब 12 वर्ष पहले कैंसर से हो चुका है. घटना की सूचना उनके बच्चों को दे दी गई है और उनके रविवार को पहुंचने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा.
