गुमला: कुएं से सड़ी-गली लाश बरामद, हत्या की आशंका

Gumla: जिले के बसिया थाना क्षेत्र के लालपुर सरना में सुनसान झाड़ियों के बीच स्थित एक कुएं से सड़ी-गली लाश मिलने से...

Gumla: जिले के बसिया थाना क्षेत्र के लालपुर सरना में सुनसान झाड़ियों के बीच स्थित एक कुएं से सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. ग्रामीणों में डर और दहशत का माहौल बन गया.

मृतक की पहचान दिलीप लोहरा के रूप में

मृतक की पहचान तुरीबीरा निवासी 45 वर्षीय दिलीप लोहरा, पिता कलिंद्र लोहरा के रूप में हुई है. शव की हालत काफी खराब थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हुई है.

12 दिन से लापता था दिलीप

मृतक की मां दयामणि देवी ने बताया कि दिलीप करीब 12 दिन पहले लालपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने और काम के सिलसिले में बाहर जाने की बात कहकर घर से निकला था. उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है.

Also Read: गिरिडीह पहुंचे झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ सम्मान

दुर्गंध से हुआ खुलासा

शनिवार दोपहर ग्रामीणों को कुएं से तेज दुर्गंध आने लगी. जब लोगों ने अंदर झांककर देखा तो पानी में एक शव तैरता नजर आया. इसके बाद तुरंत बसिया थाना पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस ने शव निकालकर शुरू की जांच

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला. आसपास के लोगों ने शव की पहचान दिलीप लोहरा के रूप में की.

हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका

प्रथम दृष्टया परिजनों और पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है. आशंका है कि दिलीप की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया. हालांकि, असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा.

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

दिलीप की पत्नी सीमा देवी घर पर ही रहती हैं. उनका बेटा विरेंद्र लोहरा काम के लिए गोवा गया हुआ है, जबकि बेटी प्रीति कुमारी रांची में पढ़ाई कर रही है. घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है. जल्द ही घटना के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *