Giridih: जिले के धनवार थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना गुवाखदर गांव की है, जहां 20 वर्षीय रजीना खातून की ससुराल में मौत हो गई. सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा किया.
गले पर निशान, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि रजीना की हत्या की गई है. उन्होंने बताया कि मृतका के गले पर गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है. रजीना का निकाह करीब एक वर्ष पहले मिन्हाज अंसारी के साथ हुआ था. शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जा रहा था और मायके से 50 हजार रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था.
मृतका के भाई सद्दाम अंसारी ने पति, सास और ससुर पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि सुबह मौत की सूचना मिलने पर जब वे पहुंचे, तो रजीना का शव घर में पड़ा था, जबकि आरोपी पक्ष के सभी लोग फरार थे.
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही धनवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा, वहीं परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
