Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड के पिछली गांव में फर्जी वंशावली के जरिए गरीब परिवार की करीब 1 एकड़ 2 डिसमिल जमीन बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ित परिवार और ग्राम प्रधान ने उपायुक्त व वरीय पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत कर आरोपी शिकास भगत के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
फर्जी दस्तावेज से जमीन बिक्री, ग्राम प्रधान ने भी किया खंडन
पीड़ित सुनील कर्मकार और उनके परिजनों का आरोप है कि गांव के ही शिकास भगत ने फर्जी वंशावली तैयार कर उनकी पैतृक जमीन बेच दी. आरोप यह भी है कि इस पूरे मामले में ग्राम प्रधान के लेटर पैड और स्टाम्प का भी फर्जी तरीके से इस्तेमाल किया गया.
ग्राम प्रधान जीतेंद्र सरदार ने स्पष्ट किया कि उनके नाम और लेटर पैड का दुरुपयोग किया गया है. उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं थी और यह पूरी तरह गंभीर अपराध है.
ALSO READ: धनवार में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दहेज हत्या का आरोप, ससुराल पक्ष फरार
ग्राम सभा में विरोध, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
शनिवार को ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में आयोजित ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. सभी ने एक स्वर में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि गरीब परिवार के साथ धोखाधड़ी कर उनकी जमीन हड़प ली गई है.
पीड़ित ने उपायुक्त, एसएसपी, अंचल अधिकारी और पोटका थाना प्रभारी को आवेदन देकर जांच, जमीन वापस दिलाने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे. फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है.
