Ranchi: शहर के कांग्रेस भवन में रविवार को सियासी पारा उस वक्त चढ़ गया, जब कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने प्रेस वार्ता कर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल नेता प्रदीप यादव और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने एक सुर में कहा कि महिला आरक्षण के नाम पर केंद्र सरकार असल में परिसीमन का छलावा रच रही थी, जिसे विपक्षी एकजुटता ने धराशायी कर दिया.
नियत में खोट, आरक्षण सिर्फ वोट की चोट
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सीधे तौर पर प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह की जोड़ी को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि सरकार 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन करना चाहती थी. महिला आरक्षण तो महज एक ‘शील्ड’ थी, जिसके पीछे असली मकसद सत्ता हासिल करना था. यदि सरकार गंभीर है, तो जनगणना और परिसीमन के बहाने इसे टाले नहीं.
वर्तमान 543 सीटों पर ही 33% आरक्षण 2029 में लागू करे, विपक्ष बिना शर्त समर्थन देगा. पीएम के संबोधन को चुनावी भाषण करार देते हुए उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने एनी बेसेंट से लेकर सोनिया गांधी तक महिला नेतृत्व दिया है. राजीव गांधी की दूरदर्शिता से ही आज 14.5 लाख महिलाएं पंचायतों में नेतृत्व कर रही हैं.
Also Read: धनबाद में फायरिंग से दहशत, व्यवसायी के घर के बाहर खड़ी ऑटो पर चली गोलियां
परिसीमन का गणित और इंडिया गठबंधन का डिकोड
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने इस पूरे घटनाक्रम को केंद्र की गहरी राजनीतिक चाल बताया. उन्होंने तर्क दिया कि सरकार जनगणना से इसलिए डर रही है क्योंकि इससे जातियों (एससी, एसटी और ओबीसी) की सही संख्या सामने आ जाएगी और आरक्षण का दबाव बढ़ेगा. इसी दबाव से बचने के लिए आनन-फानन में यह संशोधन लाया गया, जिसे इंडिया गठबंधन ने समय रहते डिकोड कर विफल कर दिया.
हार से तिलमिलाई भाजपा
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि महिला आरक्षण की चाशनी में लिपटी भाजपा की घटिया राजनीति अब जनता के सामने है. उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में पहली बार केंद्र सरकार लोकसभा में विधेयक गिरने से तिलमिलाई हुई है. भाजपा की मंशा कभी महिलाओं को हक देने की थी ही नहीं, वरना 2024 का चुनाव ही आरक्षित सीटों पर होता. महिला आरक्षण प्रधानमंत्री के लिए नीति नहीं, बल्कि चुनावी एजेंडा था. देश अब जुमलों से आगे बढ़ चुका है, हमें भाषण नहीं, जवाबदेही चाहिए.
सड़क पर उतरेगी महिला कांग्रेस
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो ने ऐलान किया कि भाजपा के इस षड्यंत्र को लेकर अब महिला कांग्रेस राज्य के हर जिले में जाएगी. महिलाओं के बीच जाकर केंद्र सरकार की हकमारी और राजनीतिक साजिश का पर्दाफाश किया जाएगा.
