Simdega: झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक असैनिक सेवा परीक्षा-2025 के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया. जिले में इस परीक्षा के संचालन हेतु कुल 10 परीक्षा केंद्र चिन्हित किए गए थे. इस क्रम में उन्होंने एसएस बालिका उच्च विद्यालय, सिमडेगा कॉलेज तथा उर्स लाइन कॉन्वेंट उच्च विद्यालय, सामटोली परीक्षा केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात दंडाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी एवं नियमसम्मत तरीके से संचालित हों, यह सुनिश्चित किया जाए.
उपायुक्त ने की परीक्षा संचालन की समीक्षा की
उपायुक्त ने केंद्रों पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से उपयोग एवं अनुपयोग OMR शीट की सुरक्षित सीलिंग एवं पृथक-पृथक पैकेजिंग की प्रक्रिया का निरीक्षण किया. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी OMR शीट्स को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत अलग-अलग पैकेट में सील किया जाए और आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए. उन्होंने परीक्षा संचालित कक्षाओं में भी पहुंचकर परीक्षा संचालन की समीक्षा की. साथ ही उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा संचालन की निगरानी व्यवस्था का भी अवलोकन किया.
2146 परीक्षार्थी हुए उपस्थित
जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई. सिमडेगा जिले में कुल 3780 परीक्षार्थियों को शामिल होना था. प्रथम पाली में कुल 2146 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 1634 अनुपस्थित रहे. वहीं द्वितीय पाली में कुल 2142 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 1638 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: JPSC प्रारंभिक परीक्षा 2025 शांतिपूर्ण संपन्न, 8 केंद्रों पर 1767 अभ्यर्थी हुए शामिल
