Giridih: झारखंड अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत जिले में जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इसी क्रम में मोहनपुर स्थित Honey Holy Trinity School में अग्निशमन विभाग द्वारा एक विशेष मॉक ड्रिल एवं अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व अग्निशमन पदाधिकारी रवि रंजन सिंह ने किया.
इस दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से आग लगने के कारण, उससे बचाव और आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों की विस्तृत जानकारी दी. विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखने और तुरंत सही कदम उठाने की सलाह दी गई.
विद्यार्थियों को सुरक्षित निकासी की पूरी प्रक्रिया का कराया गया अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षित निकासी (Evacuation) की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया. उन्हें बताया गया कि आपात स्थिति में किस प्रकार कतारबद्ध होकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचना चाहिए और अफरा-तफरी से कैसे बचना चाहिए. साथ ही अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher) के सही उपयोग का लाइव प्रदर्शन कर उसकी कार्यप्रणाली समझाई गई. कार्यक्रम में गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति से निपटने का भी डेमो दिया गया, जिससे लोगों को वास्तविक परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने की जानकारी मिली.
सुरक्षा ही सबसे बड़ी सतर्कता
टीम ने बताया कि विद्युत शॉर्ट सर्किट, लापरवाही और असावधानी आग लगने के प्रमुख कारण हैं, जिनसे बचने के लिए नियमित जांच और सतर्कता बेहद जरूरी है. विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और इससे उनमें आपदा के समय सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है. विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर अग्नि सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं. अंत में अग्निशमन विभाग की टीम ने सभी को संदेश दिया कि “सुरक्षा ही सबसे बड़ी सतर्कता है” और हर व्यक्ति को अपने स्तर पर आग से बचाव के उपाय अपनाने चाहिए.
यह भी पढ़ें: सिमडेगा: ट्रिपल मर्डर केस के आरोपी को मिली आजीवन कारावास और ₹20000 जुर्माने की सजा
