Ranchi: झारखंड में हाल ही हुए ट्रेजरी घोटाले की जांच करने के लिए सरकार की तरफ से समिति बनी है. जांच का दायरा दो जिलों तक है. इसमें हजारीबाग और बोकारो शामिल हैं. बोकारो में स्थानीय जांच में करीब 9 करोड़ रुपये की फर्जी निकासी का खुलासा हुआ है.
वहीं हजारीबाग में फर्जीवाड़ा और भी बड़ा है, जहां 28 से 30 करोड़ रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है. पूरे मामले को जांचने के लिए एक समिति का गठन किया गया है. बताया जा रहा है कि समिति अब दोनों जिलों का दौरा करेगी और गहन तरीके से मामले की जांच करेगी.
जानें कौन-कौन है जांच समिति में
वित्त विभाग की तरफ से जो जांच समिति बनायी गयी है, वो आठ सदस्यीय है. यह आठ सदस्यीय समिति की अध्यक्षता अमिताभ कौशल, प्रधान सचिव उत्पाद विभाग करेंगे. वहीं इस समिति में छह सदस्य और एक सदस्य सचिव शामिल हैं.
सदस्यों में प्रधान महालेखाकार, झारखंड रांची, ज्योति कुमारी झा (उप सचिव वित्त विभाग), कपिल देव पंडित (अवर सचिव वित्त विभाग), नरेश झा (लेखा नियंत्रक अंकेक्षण निदेशालय, वित्त विभाग), उमेश प्रसाद सिंह (वरीय निदेशक आईटी) और सदस्य सचिव खिरोद सिंह मुंडा (प्रशाखा पदाधिकारी वित्त विभाग) शामिल हैं.
