Pakur: मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के अंतर्गत शुक्रवार को रांची स्थित खेलगांव इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय भव्य समारोह में पाकुड़ जिले को विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले की पंचायत व्यवस्था, स्वच्छता, सुशासन एवं जनभागीदारी के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को राज्य स्तर पर सराहा गया. यह सम्मान जिले के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है, जो पंचायत स्तर पर सतत विकास, पारदर्शिता एवं जनकल्याण के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
डीसी ने सभी पदाधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को दी बधाई
इस अवसर पर डीसी मेघा भारद्वाज ने जिले को प्राप्त इन सम्मानों पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा, कि यह उपलब्धि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं जनहित के प्रति निष्ठा का परिणाम है. उन्होंने इस सफलता के लिए पूर्व उपायुक्त मनीष कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष जूली खिष्टमणि हेम्ब्रम, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, डीपीएम ई-पंचायत आनंद प्रकाश सहित सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, कर्मियों तथा पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई दी. डीसी मेघा भारद्वाज ने कहा कि पंचायतों को सशक्त बनाने, ग्रामीण विकास को गति देने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण हेतु सभी संबंधित इकाइयों ने समर्पण भाव से कार्य किया है. यही कारण है कि आज पाकुड़ जिला राज्य स्तर पर सम्मानित हुआ है.
वर्ष 2024-25 के लिए जिले को निम्नलिखित श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त हुए-
- स्वच्छ एवं स्वस्थ जिला,
- स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायत समिति,
- उत्कृष्ट ग्राम पंचायत,
- स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्राम पंचायत,
- उत्कृष्ट ग्राम सभा ग्राम पंचायत
प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मियों एवं आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम- डीसी
डीसी मेघा भारद्वाज ने कहा कि यह सम्मान केवल प्रशासनिक उपलब्धि नहीं, बल्कि पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मियों एवं आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है. उन्होंने सभी संबंधित इकाइयों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते हुए जिले का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक गौरवान्वित करने हेतु प्रेरित किया.
कार्यक्रम के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही. इस अवसर पर पंचायत स्तर पर नवाचार, स्वच्छता, सुशासन, जनभागीदारी एवं ग्रामीण विकास के उत्कृष्ट मॉडलों को प्रस्तुत किया गया तथा श्रेष्ठ कार्यों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया. पाकुड़ जिले को प्राप्त यह सम्मान निश्चित रूप से आने वाले समय में पंचायत सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास की दिशा में नई ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान करेगा.
यह भी पढ़ें: सरायकेला : अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी, चार चुलाई अड्डे ध्वस्त, 1200 किलोग्राम जावा महुआ बरामद
