HAZARIBAGH: दनुआ घाटी में हो रही लगातार सड़क दुर्घटनाओं को जिला प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है. रविवार को पुलिस अधीक्षक अमन कुमार और जिला परिवहन पदाधिकारी ने NHAI के अधिकारियों के साथ घाटी का चप्पा-चप्पा खंगाला. इस दौरान एसपी ने न केवल ब्लैक स्पॉट की जांच की, बल्कि NHAI को 8 सूत्रीय गाइडलाइन जारी करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान दिए गए ये 8 मुख्य निर्देश:
1. अवैध कट पर कार्रवाई: हाईवे पर जितने भी अवैध कट हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए ताकि अचानक वाहन मुख्य सड़क पर न आ सकें.
2. एडवांस साइन बोर्ड: ड्राइवरों को खतरे का अहसास पहले ही हो, इसके लिए काफी पहले ही ‘एडवांस साइन बोर्ड’ लगाए जाएं.
3. गति सीमा का निर्धारण: पूरी घाटी में जगह-जगह ‘स्पीड लिमिट’ के बोर्ड लगाए जाएं ताकि तेज रफ्तार पर नियंत्रण पाया जा सके.
4. लीगल कट पर लाइनमैन: जितने भी अधिकृत कट हैं, वहां वाहनों को सुरक्षित पार कराने के लिए ‘लाइनमैन’ की प्रतिनियुक्ति की जाए.
5. बॉटल नेक में सुधार: सड़क के उन संकरे हिस्सों को दुरुस्त किया जाए जहां अचानक रास्ता संकरा होने से दुर्घटनाएं होती हैं.
6. स्पीड ब्रेकर: जरूरत के हिसाब से ढलानों और खतरनाक मोड़ों से पहले वैज्ञानिक तरीके से स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं.
7. धूल पर नियंत्रण: कंस्ट्रक्शन एरिया में उड़ने वाली धूल से दृश्यता कम होती है, इसलिए दिन में कम से कम दो बार पानी का छिड़काव अनिवार्य रूप से हो.
8. सक्रिय एम्बुलेंस सेवा: NHAI की एम्बुलेंस और उसके ड्राइवरों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया गया है ताकि ‘गोल्डन ऑवर’ में घायलों को मदद मिल सके.
ब्लैक स्पॉट की होगी घेराबंदी
एसपी अमन कुमार ने स्पष्ट किया कि दनुआ घाटी के उन हिस्सों को ‘ब्लैक स्पॉट’ के रूप में चिह्नित किया गया है जहाँ सबसे ज्यादा हादसे होते हैं. इन जगहों पर सुरक्षा सुधार के लिए तकनीकी बदलाव किए जाएंगे।एसपी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सिर्फ नियमों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, इसे धरातल पर दिखना होगा. NHAI इन 8 बिंदुओं पर तुरंत काम शुरू करे ताकि किसी और परिवार को अपना सदस्य न खोना पड़े.
