Simdega: कोलेबिरा विधानसभा क्षेत्र के टीटांगर प्रखंड अंतर्गत टुकूपानी पंचायत के जामबहार गांव में एक मानवीय पहल देखने को मिली. स्वर्गीय बिलासी केरकेट्टा के निधन के बाद उनके परिवार की स्थिति बेहद दयनीय हो गई थी.
अनाथ हुए चार बच्चे
बिलासी केरकेट्टा के पति का पहले ही निधन हो चुका था. उनके निधन के बाद परिवार में तीन पुत्रियां और एक पुत्र—शशि केरकेट्टा, अश्विनी केरकेट्टा, विनिता केरकेट्टा और साक्षी केरकेट्टा—अनाथ हो गए. इससे उनके सामने जीवन-यापन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई.
मामला मंत्री तक पहुंचा
इस मामले की जानकारी कोलेबिरा विधायक नमन बिक्सल कोनगाड़ी को मिली. उन्होंने इस मुद्दे को झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के संज्ञान में लाया, जिसके बाद वैवेकिक अनुदान राशि स्वीकृत की गई.
विधायक ने सौंपा सहायता चेक
इसके बाद विधायक नमन बिक्सल कोनगाड़ी जामबहार गांव पहुंचे और बच्चों को सहायता राशि का चेक सौंपा. उन्होंने कहा कि बच्चे फिलहाल असहाय स्थिति में हैं और उन्हें सरकार की सभी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा.
ग्रामीणों से सहयोग की अपील
विधायक ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे जरूर जानकारी दें. इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि सह जिला विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद समी आलम, प्रखंड अध्यक्ष अशफाक आलम, प्रखंड प्रमुख बिपिन पंकज मिंज समेत कई लोग मौजूद रहे.
