Kodarma: जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग पर एनएच-20 स्थित गायत्री मंदिर के समीप रविवार सुबह एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल चालक की पहचान
घायल चालक की पहचान झुमरीतिलैया निवासी 26 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार बिहार में एक शादी समारोह में शामिल होकर बारातियों को वापस घर छोड़ने आए थे.
झपकी बनी हादसे की वजह
बारातियों को छोड़ने के बाद मुकेश कुमार कोडरमा स्थित सहाना गार्डन में एक अन्य शादी समारोह में जा रहे थे. इसी दौरान गायत्री मंदिर के पास उन्हें हल्की झपकी आ गई, जिससे स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई.
Also Read: सिमडेगा: अनाथ बच्चों की मदद को आगे आए कोलेबिरा विधायक, जामबहार में सौंपा सहायता राशि का चेक
डिवाइडर से टकराकर सर्विस रोड में गिरी गाड़ी
अनियंत्रित स्कॉर्पियो पहले डिवाइडर से टकराई, फिर सड़क पार कर रेलिंग से टकराते हुए सर्विस रोड में जा गिरी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और चालक अंदर ही फंस गया.
स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला. उसे पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
रिम्स रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद मुकेश कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया.
