रांची: भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड के पूर्व कार्यवाहक सचिव और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत अमिताभ चौधरी के बेटे अभिषेक चौधरी ने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के खिलाफ झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की है. उन्होंने संघ की चुनाव प्रक्रिया और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया है.

चुनाव में धांधली और पदों पर कब्जे का आरोप
दायर याचिका में कहा गया है कि संघ के पिछले चुनाव में गंभीर अनियमितताएं हुईं. अंतरिम आवेदन के माध्यम से यह आरोप भी लगाया गया कि कुछ लोगों ने नियमों की अनदेखी कर पदों पर कब्जा कर लिया. याचिका में चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मामले की गहन जांच की मांग की गई है.
Also Read: BREAKING- ED समन अवहेलना मामले में CM हेमंत सोरेन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत
भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच की अव्यवस्था का उल्लेख
याचिका में उदाहरण के तौर पर पहले आयोजित भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच क्रिकेट मैच में हुई कथित अव्यवस्था का जिक्र किया गया है. इसमें कहा गया है कि अयोग्य व्यक्तियों को जिम्मेदारी दिए जाने का असर आयोजन पर पड़ा, जिसका खामियाजा दर्शकों और क्रिकेट प्रेमियों को भुगतना पड़ा.
Also Read: हजारीबाग: लॉकर काटकर 20 लाख के जेवरात की चोरी, हथियारबंद अपराधियों महिला को बनाया बंधक.
उच्च न्यायालय में अगली सुनवाई
मामले की सुनवाई झारखंड हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश एम. एस. सोनक और न्यायमूर्ति राजेश शंकर की पीठ में हुई. अदालत ने पहले दिए गए निर्देश के अनुसार याचिका में बताई गई कमियों को दूर करने को कहा था. अब वे औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और मामला अगली सुनवाई के लिए निर्धारित कर दिया गया है.
इस मामले की आगामी सुनवाई पर खेल जगत और क्रिकेट प्रेमियों की नजर बनी हुई है, क्योंकि इसका प्रभाव झारखंड राज्य क्रिकेट संघ की कार्यप्रणाली पर पड़ सकता है.

