रांची में ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप का आगाज, पहले दिन झारखंड का दबदबा

Ranchi: खेलगांव स्थित हरिवंश ताना भगत इंडोर स्टेडियम में तीसरी सिकोकई ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ. प्रतियोगिता का...

Ranchi: खेलगांव स्थित हरिवंश ताना भगत इंडोर स्टेडियम में तीसरी सिकोकई ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ. प्रतियोगिता का आयोजन सिकोकई कराटे इंटरनेशनल झारखंड के तत्वावधान में किया जा रहा है. उद्घाटन समारोह में साउथ एशियन कराटे फेडरेशन एवं कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष हांशी भरत शर्मा, ट्राइबल एंड माइनॉरिटी डेवलपमेंट कमिशन के चेयरमैन रेंशी सुनील किस्पोट्टा तथा वर्ल्ड कराटे फेडरेशन के जज जयंत कुमार करमाकर ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया.

उद्घाटन समारोह में दिखा उत्साह और संदेश

मुख्य अतिथि हांशी भरत शर्मा ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उसे सही दिशा और प्रशिक्षण देने की है. उन्होंने बताया कि राज्य के खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं. वहीं रेंशी सुनील किस्पोट्टा ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं. उद्घाटन समारोह में विवेकानंद विद्या मंदिर, धुर्वा के विद्यार्थियों ने शानदार ब्रैड प्रदर्शन कर कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया.

पहले दिन 14 स्वर्ण के साथ झारखंड शीर्ष पर

प्रतियोगिता के पहले दिन मेजबान झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 स्वर्ण पदक जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया. झारखंड का खाता छह वर्षीय एरिक टुडू ने रजत पदक जीतकर खोला, जिसके बाद खिलाड़ियों ने लगातार पदक जीतने का सिलसिला जारी रखा.

पदक तालिका में बंगाल की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि उड़ीसा तीसरे स्थान पर है. वहीं इंडियन आर्मी की टीम भी कई पदक जीतकर चौथे स्थान पर बनी हुई है. प्रतियोगिता का संचालन वर्ल्ड कराटे फेडरेशन, एशियन कराटे फेडरेशन और कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन के पदाधिकारियों द्वारा किया जा रहा है.

ALSO READ: मतदाता सूची शुद्धिकरण पर सख्ती, हटिया विधानसभा में DC की समीक्षा

देशभर से आए खिलाड़ियों की भागीदारी से प्रतियोगिता का स्तर ऊंचा हुआ है और मुकाबले रोमांचक बन गए हैं. झारखंड की मेजबानी में आयोजित इस चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को भी खूब उत्साहित किया.

इस अवसर पर स्वप्न कुमार मंडल, टुम्पा कर्माकर, अनिल किस्पोट्टा, साधन चंद लोहार, मोहम्मद इस्लाम, सुशांत बारीक, अभिषेक राज गोस्वामी, अंकित राज गोस्वामी, उमा शंकर महतो, अनु शक्ति सिंह, राकेश तिर्की, अख्तर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *