Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत नावाडीह प्रखंड अंतर्गत ऊपरघाट स्थित पलामू के जमा दो उच्च विद्यालय में सोमवार को डीवीसी अस्पताल एवं सीएसआर के संयुक्त तत्वावधान में सर्वाइकल कैंसर (एचपीवी) को लेकर एक विशेष जागरूकता सह स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. एस साहा ने दीप प्रज्वलित कर किया.
डॉ. साहा ने कैंसर के खतरों और बचाव के उपायों पर की चर्चा
इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए डॉ. साहा ने सर्वाइकल कैंसर के खतरों और इससे बचाव के उपायों पर विस्तृत चर्चा की. उन्होंने कहा कि समय पर जागरूकता और एचपीवी टीकाकरण के माध्यम से इस गंभीर बीमारी से बचा जा सकता है. उन्होंने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने और किसी भी लक्षण के दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी.
छात्राओं को दिए गए स्वास्थ्य संबंधी जरूरी टिप्स
शिविर के दौरान विद्यालय की कुल 96 छात्राओं के स्वास्थ्य की सामान्य जांच की गई और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जरूरी टिप्स दिए गए. कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने और जीवनशैली में सुधार लाने पर जोर दिया. इस जागरूकता अभियान को सफल बनाने में डीवीसी सीएसआर और स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. मौके पर मुख्य रूप से डॉ. एस साहा के साथ कृष्णा कुमार, कलीम अंसारी, गौतम मंडल और सीएसआर से जीवाधन महतो उपस्थित थे. इसके साथ ही विद्यालय के शिक्षकों में सरिता कुमारी, माला कुमारी सहित दर्जनों छात्राएं मुख्य रूप से मौजूद थीं.
यह भी पढ़ें: हाथी हमले में हुए मौत पर बवाल, आजसू नेता बोले- ‘डीएफओ और रेंजर दोनों ही जिम्मेदार’
