Koderma : जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक 40 वर्षीय महिला का शव मिला है. महिला इंदरवा पंचायत के मलकोको गांव की रहने वाली थी. मृतिका की पहचान नवलशाही थाना क्षेत्र के धुमाडीह निवासी शकुंतला देवी पति सुनील ठाकुर के रुप में की गई है. मिली जानकारी के अनुसार मलकोको के ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह गांव से सटे जंगल में एक महिला का शव देखा. इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को दी गयी. मामले की सूचना कोडरमा पुलिस को भी दी गई. जिसके बाद कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेते हुए शव की शिनाख्त में जुट गई. जिसके बाद पता चला की महिला नवलशाही के धुमाडीह निवासी है.
इधर धुमाडीह के ग्रामीणों के अनुसार महिला 2 महीने पहले से ही लापता थी. बताया जाता है कि उक्त महिला का अपने पति के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. जिसके बाद से उक्त महिला द्वारा महिला थाने में अपने पति के विरुद्ध शिकायत की गई थी. वहीं महिला द्वारा यह बताया गया था कि वह कोडरमा थाना क्षेत्र के बदडीहा के रहने वाले किसी लड़के से प्रेम करती थी. इसलिए वह अपने पति को छोड़ कर उसके साथ रहना चाहती है.
जानकारी के अनुसार उक्त महिला प्रेमी के घर गई. जहां प्रेमी के घर वालों ने महिला को अपनाने से इनकार कर दिया गया था. इधर मामले को लेकर कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि महिला के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या जख्म के निशान नहीं हैं. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के पश्चात ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा. मिली जानकारी के अनुसार मृतका की दो पुत्री व एक पुत्र हैं. दोनों पुत्री का विवाह हो चुका है. जबकि पुत्र अपने पिता के साथ ही रहता है.
इधर पुलिस ने शव को अपने कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है.
ALSO READ : Met Gala 2026 में छाईं ईशा अंबानी, गोल्डन साड़ी से मैंगो पर्स तक हर चीज बनी चर्चा का विषय
