Giridih: सरिया–राजधनवार मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बुजुर्गों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. यह घटना बिरनी प्रखंड के माखमरगो पंचायत भवन के सामने हुई.
तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पीछे से पैदल जा रहे तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
मृतकों और घायल की पहचान
मृतकों की पहचान बासदेव साव (70 वर्ष) और लखिया देवी (65 वर्ष), पत्नी लखपत साव, के रूप में हुई है. वहीं धनपत साव (65 वर्ष) इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
मजदूरी के लिए जा रहे थे तीनों
बताया जा रहा है कि तीनों बिरनी थाना क्षेत्र के जितकुंडी गांव के निवासी थे और माखमरगो में मजदूरी करने के लिए पैदल जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
पुलिस जांच में जुटी, लोगों में आक्रोश
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद इलाके में दहशत के साथ-साथ लोगों में भारी आक्रोश भी देखा जा रहा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है.
