Hazaribagh: हज़ारीबाग जिले में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार को लेकर हेल्पिंग इंडिया ट्रस्ट ने गहरी चिंता जताई है. इसी क्रम में ट्रस्ट के संस्थापक सह अध्यक्ष शाहिद हुसैन ने झारखंड पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) से औपचारिक मुलाकात कर एक विस्तृत आवेदन सौंपा.
मुलाकात के दौरान शाहिद हुसैन ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है. इसका सीधा असर खासकर युवा वर्ग पर पड़ रहा है. इससे न सिर्फ उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है, बल्कि आपराधिक गतिविधियों में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है.
4 वर्षों से चला रहा है जागरूकता अभियान
ट्रस्ट अध्यक्ष ने बताया कि हेल्पिंग इंडिया ट्रस्ट पिछले चार वर्षों से लगातार नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रहा है. साथ ही नशा कारोबारियों के खिलाफ कड़ी और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन से लगातार समन्वय बनाने का प्रयास कर रहा है.
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कई क्षेत्रों में अपेक्षित सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे नशा कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं और आम लोगों में भय व असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.
निःशुल्क नशा मुक्ति केंद्र खोलने की पहल
इस दौरान ट्रस्ट की ओर से हज़ारीबाग में निःशुल्क सेवा आधारित नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करने की प्रस्तावित पहल की भी जानकारी दी गई. शाहिद हुसैन ने कहा कि यह केंद्र आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों के लिए काफी मददगार साबित होगा, जिससे वे नशे की गिरफ्त से बाहर निकलकर मुख्यधारा में लौट सकेंगे.
उन्होंने बताया कि वर्तमान में संचालित कई नशा मुक्ति केंद्र व्यावसायिक रूप से काम कर रहे हैं, जिससे गरीब वर्ग के लिए इलाज कराना मुश्किल हो जाता है.
डीजीपी से मांगा प्रशासनिक सहयोग
शाहिद हुसैन ने डीजीपी से आग्रह किया कि प्रस्तावित नशा मुक्ति केंद्र की स्थापना और संचालन के लिए आवश्यक प्रशासनिक सहयोग, सुरक्षा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि इस सामाजिक अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके.
साथ ही ट्रस्ट ने हज़ारीबाग जिले में नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त, निष्पक्ष और लगातार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की. ट्रस्ट ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समय रहते इस गंभीर समस्या पर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो इसके दूरगामी दुष्प्रभाव समाज, खासकर युवाओं के भविष्य के लिए बेहद घातक साबित हो सकते हैं.
ALSO READ: Lohardaga: उपायुक्त की अध्यक्षता में प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को होगा जनता मिलन का आयोजन
