Saraikela-Kharsawan: उपायुक्त श्री नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला अंतर्गत सभी प्रखंडों द्वारा विभिन्न पंचायतों में विशेष पेंशन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य पात्र लाभुकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से आच्छादित करना तथा लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना है.
भौतिक सत्यापन और नए आवेदनों पर फोकस
आयोजित शिविरों में लाभुकों का भौतिक सत्यापन (Physical Verification) किया जा रहा है, ताकि वास्तविक एवं पात्र लाभुकों की पहचान सुनिश्चित करते हुए योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा सके. इसके अतिरिक्त नए पात्र व्यक्तियों से पेंशन योजनाओं के अंतर्गत आवेदन भी प्राप्त किए जा रहे हैं.
अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को शिविरों के सफल संचालन, समयबद्ध निष्पादन एवं अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. साथ ही शिविर स्थलों पर लाभुकों की सुविधा एवं आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया है.
लोगों से शिविर में भाग लेने की अपील
जिले के सभी पात्र एवं इच्छुक नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने निकटतम पंचायत में आयोजित विशेष पेंशन शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर आवेदन करें तथा सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्राप्त करें.
