Giridih: गिरिडीह समाहरणालय सभागार में झारखंड विधानसभा की प्राक्कलन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में संचालित विभिन्न विभागों की योजनाओं और परियोजनाओं की गहन समीक्षा की गई. बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति सह लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने की. इस दौरान समिति के सदस्य सह बगोदर विधायक नागेन्द्र महतो, घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन तथा टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो भी उपस्थित रहे.

विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत योजनाओं के प्राक्कलन (बजट अनुमान) की विस्तृत समीक्षा की गई. इस अवसर पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राम निवास यादव ने जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति से समिति को अवगत कराया. उन्होंने बताया कि कई योजनाओं पर कार्य जारी है, हालांकि कुछ में अपेक्षित गति नहीं मिल रही है.

पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश
समिति के सदस्यों ने प्रस्तावित बजट के अनुरूप किए जा रहे कार्यों का मूल्यांकन करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार सुनिश्चित किया जाए. जिन योजनाओं में प्रगति धीमी पाई गई, उनके लिए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने को कहा गया.
ALSO READ: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नवगठन पर कार्यकर्ताओं में उत्साह : सतीश पॉल मुंजनी
अनावश्यक खर्च में कटौती और मॉनिटरिंग पर जोर
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी विभाग अनावश्यक खर्चों में कटौती करें और उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करें. साथ ही योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और समय-समय पर प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने पर भी जोर दिया गया.
कई विभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा
समीक्षा के दौरान जनहित से जुड़े मुद्दों पर विशेष चर्चा की गई. विद्युत, पेयजल, आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, पथ निर्माण, भवन निर्माण, कल्याण, समाज कल्याण, उद्यान, गव्य विकास, लघु सिंचाई, प्रदूषण नियंत्रण, परिवहन, पर्यटन, सहकारिता एवं पशुपालन सहित कई विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई. बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और संबंधित कर्मी उपस्थित रहे.

