Lohardaga:नगर परिषद के उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर उर्फ छोटू ने नगर विकास मंत्री श्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात कर जिले के शहरी विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. यह मुलाकात राज्य स्तर पर लोहरदगा नगर क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से की गई, जिसमें नगर परिषद की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं पर विशेष रूप से विचार-विमर्श हुआ. मुलाकात के दौरान उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर ने नगर परिषद क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को मंत्री के समक्ष रखा. उन्होंने बताया कि शहर में बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था और सड़कों की स्थिति को और बेहतर बनाने की आवश्यकता है. कई वार्डों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है, वहीं कुछ क्षेत्रों में जर्जर सड़कों के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसके साथ ही उन्होंने नगर क्षेत्र में नई विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की मांग भी रखी, ताकि शहर को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा सके.
अतिरिक्त बजट की मांग
उपाध्यक्ष ने कहा कि लोहरदगा एक तेजी से विकसित हो रहा शहर है, लेकिन संसाधनों और योजनाओं के अभाव में विकास की गति अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पा रही है. उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि नगर परिषद के लिए विशेष पैकेज या अतिरिक्त बजट की व्यवस्था की जाए, जिससे लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा किया जा सके और नई योजनाओं की शुरुआत हो सके. इस दौरान शहरी स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, नाली निर्माण, जल निकासी व्यवस्था और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई. उपाध्यक्ष ने इन क्षेत्रों में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि नगर परिषद प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य करने को तैयार है, बस राज्य सरकार के सहयोग की जरूरत है.

मंत्री के तरफ से पोजेटिव प्रतिक्रिया
मंत्री श्री सुदिव्य कुमार सोनू ने उपाध्यक्ष की बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की. उन्होंने आश्वासन दिया कि लोहरदगा नगर परिषद के विकास से जुड़े सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और लोहरदगा को भी योजनाओं का पूरा लाभ मिलेगा. मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही, ताकि नगर क्षेत्र में चल रही योजनाओं की समीक्षा कर उन्हें तेजी से पूरा किया जा सके. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में लोहरदगा को एक व्यवस्थित और आधुनिक नगर के रूप में विकसित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा. इस मुलाकात से लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र के लोगों में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है. अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि इन चर्चाओं का धरातल पर कितना प्रभाव पड़ता है और नगरवासियों को कब तक इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल पाता है.
AlsoRead:लोहरदगा: इंटर कॉमर्स में दो सहेलियों का कमाल, सिमरन महतो बनीं टॉपर, प्रार्थना प्रिया दूसरे स्थान पर
