Lohardaga: जिले के चुन्नी लाल उच्च विद्यालय की दो सहेलियों ने इंटर कॉमर्स परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला और दूसरा स्थान हासिल कर न सिर्फ अपने स्कूल बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है. इन दोनों छात्राओं की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन के सामने परिस्थितियां मायने नहीं रखतीं.

टॉपर बनीं सिमरन, प्रार्थना दूसरे स्थान पर
लोहरदगा के व्यवसायी प्रवीण अग्रवाल एवं गृहिणी ललिता अग्रवाल की सुपुत्री प्रार्थना प्रिया ने 401 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया है. प्रार्थना प्रिया शुरू से ही पढ़ाई में मेहनती रही हैं और उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है. उन्होंने बताया कि वे आगे चलकर एसएससी सीजीएल की तैयारी करना चाहती हैं और देश सेवा के क्षेत्र में योगदान देना चाहती हैं. प्रार्थना का कहना है कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही उनकी सफलता का मूल मंत्र रहा है.

वहीं दूसरी ओर, हटिया गार्डन निवासी मजदूर गणेश महतो एवं गृहिणी संगीता देवी की बेटी सिमरन महतो ने 429 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है. सिमरन की सफलता विशेष रूप से प्रेरणादायक है, क्योंकि उन्होंने आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अपनी पढ़ाई जारी रखी और उत्कृष्ट परिणाम हासिल किया. सीमित संसाधनों के बावजूद सिमरन ने कभी हिम्मत नहीं हारी और अपनी मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया.
ALSO READ: सिटी पार्क मजार से दान पेटी तोड़ चोरों ने उड़ाया हजारों की रकम, CCTV में कैद वारदात
मेहनत और संघर्ष से मिली सफलता
सिमरन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के संघर्ष, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपनी निरंतर मेहनत को दिया है. उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि वे आगे उच्च शिक्षा प्राप्त कर एक सम्मानजनक पद पर कार्य करें, जिससे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बना सकें.
विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रबंधन ने दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पूरे स्कूल के लिए गर्व का क्षण है. उन्होंने बताया कि इन दोनों छात्राओं ने न केवल पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, बल्कि अनुशासन और व्यवहार में भी अन्य विद्यार्थियों के लिए आदर्श रही हैं.
जिले के लोगों ने भी दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. उनकी सफलता से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद यदि लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प हो, तो सफलता अवश्य मिलती है.
प्रार्थना प्रिया और सिमरन महतो की यह उपलब्धि यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी सपना साकार किया जा सकता है.
