Simdega: लगातार बढ़ती महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला समिति ने जिला मुख्यालय में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष अनिल कंडुलना ने किया. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, महिला मोर्चा की सदस्याएं और आम लोग शामिल हुए.
धरना के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग की. नेताओं ने कहा कि महंगाई ने गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर कर दी है. रसोई गैस, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं.


नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना
सभा को संबोधित करते हुए अनिल कंडुलना ने कहा कि छोटे गैस सिलेंडर पर ₹261 तथा कमर्शियल सिलेंडर पर ₹993 की वृद्धि कर केंद्र सरकार ने छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों और मेहनतकश लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है.
वहीं झामुमो जिला सचिव मो शफीक खान ने कहा कि यह मूल्य वृद्धि आम जनता की जेब पर सीधा हमला है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं ली गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
ALSO READ: EXCLUSIVE: झारखंड पुलिस डायल-112 की बड़ी सफलता: 10 मिनट से भी कम समय में आम लोगों को पहुंच रही मदद
महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग ने कहा कि महंगाई की सबसे अधिक मार महिलाओं पर पड़ रही है और रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है. कार्यक्रम में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
