Ranchi: नामकुम के खिजरी निवासी रंजीत कुमार के एसबीआई और एक्सिस बैंक के दो अलग-अलग क्रेडिट कार्ड से साइबर अपराधियों ने 2.93 लाख रुपये की निकासी कर ली. इस संबंध में रंजीत कुमार ने साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
उन्होंने बताया कि रुपये निकासी की जानकारी उन्हें तब हुई, जब उनके मोबाइल पर एसएमएस आया. रंजीत कुमार के अनुसार उन्होंने क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल नहीं किया था, इसलिए उन्हें तुरंत समझ आ गया कि उनके साथ साइबर धोखाधड़ी हुई है. बिना अनुमति के ही उनके क्रेडिट कार्ड से रुपये निकाल लिए गए.

मिंत्रा रिफंड के नाम पर महिला से ठगी
ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी मिंत्रा से खरीदे गए सामान को रिफंड कराने के नाम पर महिला के खाते से एक लाख रुपये की ठगी का मामला भी सामने आया है. डोरंडा के गौरी शंकर नगर निवासी अंचन प्रसाद केसरी के खाते से दो बार में कुल एक लाख रुपये निकाले गए.
महिला ने इस संबंध में साइबर थाना में केस दर्ज कराया है. उन्होंने बताया कि डिलीवरी बॉय सामान लेकर आया और कहा कि यह कैश ऑन डिलीवरी है. लेकिन महिला की मां ने बताया कि सामान का भुगतान पहले ही ऑनलाइन किया जा चुका है.
Also
व्हाट्सएप कॉल और लिंक से बनाया शिकार
इसके बाद डिलीवरी बॉय ने ऑर्डर कैंसिल कराने के लिए मिंत्रा कस्टमर केयर पर फोन करने की सलाह दी. पहली बार कॉल रिसीव नहीं हुआ, लेकिन बाद में व्हाट्सएप पर कॉल आया. कॉल करने वाले व्यक्ति ने मिंत्रा से खरीदे गए सामान की पूरी जानकारी देकर महिला को भरोसे में ले लिया.
इसके बाद व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा गया. लिंक ओपन करते ही महिला का मोबाइल हैक हो गया. इसके बाद साइबर अपराधियों ने उनके खाते से पहले 99 हजार रुपये और फिर एक हजार रुपये निकाल लिए. कुल मिलाकर महिला के खाते से एक लाख रुपये की ठगी कर ली गई.
