– हजारीबाग के सभी 16 प्रखंडों में लगे शिविर, लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता और नशा मुक्ति की दी गई जानकारी
Hazaribagh: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, हजारीबाग जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है. 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत रविवार को जिले के सभी 16 प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों में जागरूकता शिविर आयोजित किए गए. शिविर में अधिकार मित्रों ने लोगों को नालसा और झालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार ऐसा मंच है, जहां जरूरतमंद लोगों को निशुल्क और त्वरित कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है. अधिकार मित्रों ने बताया कि डीएलएसए के मध्यस्थता केंद्र में दोनों पक्षों की सहमति और बातचीत के माध्यम से कई मामलों का समाधान किया जाता है. इससे लोगों का समय बचता है और लंबे मुकदमे में होने वाले खर्च से भी राहत मिलती है.

यह भी पढ़ें: हजारीबाग छात्र आक्रोश: ‘नियुक्ति नहीं, साजिश कर रही सरकार’, भाषा नियमावली के फेर में फंसा युवाओं का भविष्य
पदमा प्रखंड में नशीले पदार्थों के खिलाफ जागरूकता शिविर
इसी अभियान के तहत पदमा प्रखंड मुख्यालय में नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष जागरूकता शिविर लगाया गया. पैनल अधिवक्ता सह मेडिएटर अमरनाथ मिश्रा ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से कमजोर बना देता है, इसलिए लोगों को इससे दूर रहना चाहिए. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष शामिल हुए. डीएलएसए हजारीबाग से जुड़े सभी अधिकार मित्रों ने अलग-अलग पंचायतों में पहुंचकर लोगों को कानूनी अधिकारों और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी जानकारी दी.
यह भी पढ़ें: भाजपा पर कांग्रेस का पलटवार: सतीश पॉल मुंजनी ने कहा-‘पहले अपने राज्यों की बिगड़ी कानून व्यवस्था संभाले भाजपा’
