Ranchi : रांची में जिला प्रशासन और तेल कंपनियां लगातार दावा कर रही है कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य है. लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है. लेकिन शहर के कई इलाकों में पेट्रोल डीजल की भारी किल्लत देखने को मिल रही है. जबकि कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की भी सीमित आपूर्ति की सूचना मिल रही है.
स्थिति ऐसी हो गई है कि रांची के आधे से अधिक पेट्रोल पंपों पर डीजल नहीं मिलने की शिकायत सामने आ रही है. डीजल की कमी के कारण बस, ट्रक और मालवाहक गाड़ियों की लंबी कतारें पंपों के बाहर लगी हुई हैं. कई चालक घंटों इंतजार करने के बाद भी खाली हाथ लौट रहे हैं. इसका असर अब परिवहन व्यवस्था और रोजमर्रा के कामकाज पर भी दिखने लगा है.
यात्री वाहन पर पड़ेगा असर
डीजल नहीं मिलने से सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हो रही है जिनका रोजगार वाहन पर निर्भर है. ट्रक चालक, बस ऑपरेटर और छोटे व्यवसायी लगातार पंपों का चक्कर लगा रहे हैं. लोगों का कहना है कि अगर यही स्थिति बनी रही तो माल ढुलाई और यात्री परिवहन पर बड़ा असर पड़ सकता है.

बोतल, गैलन और बाल्टी में भर रहे पेट्रोल
वहीं दूसरी ओर, लोगों में पेट्रोल को लेकर भी डर का माहौल बनता दिख रहा है. कई जगहों पर लोग बोतल, गैलन और यहां तक कि बाल्टी में पेट्रोल भरकर ले जाते नजर आ रहे है. लोगों का कहना है कि उन्हें डर है कि अगर आने वाले दिनों में पेट्रोल की कमी बढ़ी तो रोजमर्रा के काम ठप हो जाएंगे. इसी आशंका में लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल जमा करने की कोशिश कर रहे हैं.
ALSO READ : PM मोदी ने छोटा किया अपना काफिला, संसाधनों की बचत का दिया बड़ा संदेश
