Bermo: बोकारो डीसी के निर्देश पर सोमवार को जिला खनन विभाग और पेटरवार थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से पेटरवार थाना क्षेत्र में बालू के अवैध कारोबार के खिलाफ एक छापामारी अभियान चलाया. इस कार्रवाई के दौरान दांतू से खेतको जाने वाले मुख्य पथ पर शर्मा होटल के समीप अवैध रूप से बालू खनिज का परिवहन करते हुए दिन दहाड़े तीन ट्रैक्टरों को रंगेहाथ पकड़ा गया. पुलिस और खनन विभाग की टीम ने इन तीनों ट्रैक्टरों को विधिवत जब्त करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पेटरवार थाना को सुपुर्द कर दिया है. इस औचक छापेमारी अभियान में मुख्य रूप से खान निरीक्षक अजय कुमार महतो, खान निरीक्षक सीताराम टुडू, पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुण्डा सहित भारी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल थे.
हर दिन दर्जनों ट्रैक्टरों के जरिए की जा रही बालू की तस्करी
बता दें, एनजीटी द्वारा मानसून अवधि के दौरान बालू उठाव पर पूरी तरह रोक लगाए जाने के बावजूद पेटरवार थाना क्षेत्र के खेतको, चलकरी और असनापानी स्थित दामोदर नदी के बालू घाटों से बालू का अवैध खनन और उठाव धड़ल्ले से जारी है. बालू माफिया एनजीटी के नियमों को ताक पर रखकर लगातार दामोदर नदी का सीना छलनी कर रहे हैं और प्रतिदिन दर्जनों ट्रैक्टरों के जरिए बालू की तस्करी की जा रही है. जिला प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है. खनन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है, कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह प्रशासनिक कड़ाई आगे भी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.

यह भी पढ़ें: बोकारो: खरीफ फसल एवं कृषि ऋण के लिए DC ने 15 जुलाई तक कार्ययोजना बनाने का दिया निर्देश, छोटे ऋण वितरण पर जोर


