Gumla: बिशुनपुर थाना क्षेत्र के सखुआपानी गांव प्रवासी 19 वर्षीय मजदूर अभिराम असुर की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हो गई. घटना दिल्ली के सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन पर घटित हुई है. घटना के बाद से पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार, मृत मजदूर अपनी पत्नी गुड़िया असुर के साथ चंडीगढ़ में मजदूरी करता था. वहां से अपने घर कुछ दिन पहले अकेले आया था. पत्नी गुड़िया असुर चंडीगढ़ में ही थी. वहीं मृतक मजदूर दो दिन पूर्व गांव से चंडीगढ़ जाने के लिए निकला था, चंडीगढ़ जाने के दौरान दिल्ली के सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन में ट्रेन के चपेट में आ गया.
परिजनों ने मजदूर संघ से की सहयोग की अपील
इसकी जानकारी परिजनों को तब मिली जब मृतक मजदूर अभिराम असुर के फोन पर पत्नी का फोन आया. वहां मौजूद रेलवे पुलिस ने फोन उठा कर हादसे की जानकारी दी. इधर घटना की जानकारी मिलते ही मृतक मजदूर के परिजनों ने फोन के माध्यम से मजदूर संघ C.F.T.U.I. के प्रदेश उपाध्यक्ष जुम्मन खान से सहयोग की अपील की. मजदूर नेता ने मृतक मजदूर के परिजनों को शव मंगवाने की प्रक्रिया के लिए सारी जानकारी देते हुए श्रम अधीक्षक गुमला को फोन के जरिए बात की. इस दौरान मृतक का शव लाने में सहयोग करने तथा प्रवासी मजदूर को मिलने वाला सरकारी लाभ देने की अपील भी की गई, जिसके बाद श्रम अधीक्षक गुमला ने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया.

वहीं मजदूर संघ C.F.T.U.I. प्रदेश उपाध्यक्ष जुम्मन खान ने कहा कि लगातार झारखंड प्रदेश के मजदूरों के पलायन और मौत होना काफी चिंताजनक एवं चुनौती बन गया है. इस पर जिला प्रशासन, राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार गंभीरता पूर्वक विचार करें ,कि आखिर क्यों गुमला जिले के मजदूर काम की तलाश में बाहर जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: मनोहरपुर: पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, शराब के नशे में लात-घूसों से पीटकर ली थी जान
