Giridih: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल, पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए वरीय पदाधिकारियों तथा प्रखंड स्तर पर नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी है. इस संबंध में जिला निर्वाचन शाखा ने आदेश जारी करते हुए सभी अधिकारियों को नियमित निरीक्षण,अनुश्रवण और समयबद्ध क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी है.
क्षेत्रों में अभियान की निगरानी करेंगे
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार 30 जून से बीएलओ (BLO)एवं बीएलए (BLA)-2 की पहली बैठक, गणना प्रपत्रों का वितरण और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत होगी. यह अभियान 7 अक्टूबर 2026 तक चलेगा, जब मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा. जारी आदेश के अनुसार धनवार, बगोदर और जमुआ विधानसभा क्षेत्रों के लिए नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ को वरीय पदाधिकारी बनाया गया है, जबकि गांडेय, गिरिडीह और डुमरी विधानसभा क्षेत्रों के लिए उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी को वरीय पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. सभी प्रखंडों में अलग-अलग नोडल पदाधिकारी तैनात किए गए हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की निगरानी करेंगे.

मतदाता सूची पुनरीक्षण
निर्देश के अनुसार प्रतिनियुक्त अधिकारी 30 जून, 14 जुलाई और 22 जुलाई को आयोजित बीएलओ(BLO) -बीएलए(BLA) -2 बैठकों की निगरानी करेंगे. साथ ही 26 जून के निर्देश के तहत चल रहे मैपिंग कार्य का भी स्थल निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करेंगे. उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी अधिकारियों को 30 जून से 7 अक्टूबर तक नियमित क्षेत्र भ्रमण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी सभी गतिविधियों की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि SIR-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और लोकतांत्रिक प्रक्रिया अधिक सशक्त एवं विश्वसनीय बन सके.
AlsoRead:गिरिडीह: SIR-2026 अभियान का DC-SP ने लिया जायजा, समय पर गणना प्रपत्र भरने की अपील


