Saraikela: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में मध्य विद्यालय, घोड़ानेगी स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण कर मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रति जागरूक किया गया.
इस अवसर पर ईचागढ़ विधायक श्रीमती सविता महतो ने कार्यक्रम में भाग लिया. उनके साथ निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, चांडिल, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ, बूथ लेवल एजेंट-1 (BLA1) तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

मतदाता सत्यापन की प्रक्रिया की दी गई जानकारी
निरीक्षण के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की प्रक्रिया, निर्धारित प्रपत्रों, आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्धारित समयसीमा की विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही पात्र नागरिकों से अपने एवं अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम का मतदाता सूची में सत्यापन कराने, नए पात्र मतदाताओं का नाम जुड़वाने, आवश्यक संशोधन कराने तथा अपात्र, मृत अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नामों के विलोपन की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करने की अपील की गई.
इस दौरान बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सके. नागरिकों से निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक आवेदन प्रपत्र संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) अथवा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) के माध्यम से जमा करने का आग्रह किया गया.
ALSO READ: SIR-2026 को लेकर गिरिडीह प्रशासन अलर्ट, सभी विधानसभा क्षेत्रों में वरीय व नोडल पदाधिकारी तैनात
कंपनी कर्मियों को भी किया गया जागरूक
इसी क्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल के निर्देश के आलोक में जीएम आयरन एंड स्टील कंपनी लिमिटेड, कुरली द्वारा अपने अधिकारियों एवं कर्मियों के मध्य मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों को SIR-2026 की प्रक्रिया, आवेदन प्रपत्र, आवश्यक दस्तावेज, मतदाता सूची में नाम के सत्यापन, नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, आवश्यक संशोधन तथा अपात्र, मृत एवं स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नामों के विलोपन संबंधी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही सभी कर्मियों से समयबद्ध रूप से अपने मतदाता विवरण का सत्यापन एवं आवश्यकतानुसार अद्यतन सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया.
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि SIR-2026 से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन संख्या 1950 पर प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक संपर्क किया जा सकता है. अंत में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को सफल बनाने तथा शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई.


