रांची :फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने अभियान की रफ्तार बढ़ा दी है. मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन 2026 के तहत दूसरी समीक्षा बैठक उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई. यह बैठक उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर हुई, जिसमें स्पष्ट कहा गया कि हर हाल में शत-प्रतिशत लोगों को दवा खिलाना सुनिश्चित किया जाए. किसी भी व्यक्ति को दवा से वंचित नहीं रहने देने पर जोर दिया गया.

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
उप विकास आयुक्त ने चेतावनी दी कि समय पर दवा वितरण नहीं करने वाले दवा प्रशासकों को शो-कॉज नोटिस जारी किया जाएगा. कांके प्रखंड के अधिकारियों को 15 मार्च 2026 तक सभी छूटे हुए लोगों को दवा खिलाने का निर्देश दिया गया है. स्कूलों में छूटे छात्रों और पर्व-त्योहार के दौरान बाहर से आने वाले लोगों तक घर-घर पहुंचकर दवा देने के निर्देश दिए गए हैं.
अब तक 88% लोगों ने ली दवा
अभियान के तहत अब तक कांके में 84 प्रतिशत, सोनाहातु में 90 प्रतिशत और तमाड़ में 93 प्रतिशत लोगों को दवा दी जा चुकी है. पूरे जिले में कुल 88 प्रतिशत आबादी दवा का सेवन कर चुकी है. प्रशासन का लक्ष्य शत-प्रतिशत कवरेज हासिल करना है ताकि फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म किया जा सके. जिला प्रशासन ने अपील की है कि दवा पूरी तरह सुरक्षित है और जिन लोगों ने अभी तक दवा नहीं ली है वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या आशा कार्यकर्ता से संपर्क कर जरूर दवा लें.
