Pakur: जिले के पाकुड़िया प्रखंड को पश्चिम बंगाल से जोड़ने वाली लागडूम पंचायत की मुख्य सड़क के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर आज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और सड़क को जाम कर दिया. वर्षों की उपेक्षा से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत तालवा चौक पर पाकुड़िया-पाकुड़ पीडब्ल्यूडी मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.
44 वर्षों से सड़क बदहाल होने का आरोप
ग्रामीणों ने बताया कि 44 वर्षों से तालवा चौक से खाडू टोला तक की यह लगभग 20 किलोमीटर लंबी सड़क वर्ष 1982-83 में आरईओ (REO) विभाग द्वारा बनाई गई थी. मगर सड़क निर्माण के बाद आज तक न तो इसकी मरम्मत हुई और न ही कोई पुनर्निर्माण कार्य कराया गया. सड़क अब केवल कागजों पर है, जबकि जमीन पर सिर्फ बड़े-बड़े गड्ढे नजर आते हैं.

Also Read: उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने पेट्रोल-डीजल की स्थिति पर तेल कंपनियों व पम्प संचालकों के साथ की बैठक
बारिश में बन जाती है जानलेवा रास्ता
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दिनों में यह सड़क जानलेवा बन जाती है. एम्बुलेंस तक गांवों में नहीं पहुंच पाती है. ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि इलाके की लाइफलाइन है, जो झारखंड को पश्चिम बंगाल से जोड़ती है. जर्जर सड़क के कारण आपातकालीन स्थिति में गांवों तक एम्बुलेंस नहीं पहुंच पाती. स्कूली बच्चों, दैनिक राहगीरों और वाहन चालकों को हर दिन हादसों के खतरे का सामना करना पड़ता है.
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
ग्रामीणों का कहना है कि अगर इस दिशा में जल्द कोई ठोस पहल नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. सड़क जाम की सूचना मिलते ही पाकुड़िया थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया.
