Hazaribagh : NH स्थित शहर के भारत माता चौक पर रविवार को भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई, तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन घंटों सड़क पर रेंगते नजर आए. चौक के चारों ओर ट्रक, बस, कार, ऑटो और बाइक की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, स्थिति इतनी खराब हो गई कि कुछ दूरी तय करने में लोगों को 30 मिनट से लेकर एक घंटे तक का समय लग गया. जाम के कारण लंबी दूरी की बसों और आम लोग भी प्रभावित हुए. सड़क पर फंसे वाहन चालकों ने बताया कि चौक पर भारी वाहनों की आवाजाही और अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण अक्सर ऐसी स्थिति बनती है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भारत माता चौक शहर का अत्यंत व्यस्त इलाका है, जहां दिनभर वाहनों का दबाव बना रहता है. शनिवार को अचानक ट्रकों की लंबी लाइन लगने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।.कई वाहन चालक धूप में गाड़ियों से उतरकर रास्ता साफ होने का इंतजार करते दिखे.
शहरवासियों का कहना

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ते वाहनों, अतिक्रमण और पर्याप्त ट्रैफिक प्रबंधन की कमी के कारण जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है. हजारीबाग में कोर्रा चौक, झंडा चौक, पगोडा चौक और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी आए दिन जाम की स्थिति बनती रहती है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भारत माता चौक पर ट्रैफिक पुलिस की स्थायी तैनाती की जाए, भारी वाहनों के प्रवेश के लिए समय निर्धारित हो तथा सड़क किनारे अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर सख्ती से कार्रवाई की जाए, शहरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में हजारीबाग की ट्रैफिक व्यवस्था और अधिक बदहाल हो सकती है.
Also Read : HC ने पलटा निचली अदालत का फैसला- 14 साल जेल काटने के बाद डबल मर्डर में उम्रकैद की सजा पाए 4 को किया बरी
