Hazaribagh: वट सावित्री पूजा के पावन अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मुस्तैद हजारीबाग पुलिस ने चेन छिनतई करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है. कोरा थाना क्षेत्र के विनोबा भावे यूनिवर्सिटी के पास स्कूटी सवार दंपति से मंगलसूत्र छीनकर भाग रहे दो अपराधियों को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से धर दबोचा. इनके पास से लूटा गया मंगलसूत्र और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद कर ली गई है.
होली क्रॉस स्कूल के पास घेराबंदी
पीड़ित महिला अपने पति के साथ स्कूटी से जा रही थी, तभी पीछे से स्कूटी (संख्या JH-02BT-4669) पर आए दो अपराधियों ने झपट्टा मारकर महिला के गले से मंगलसूत्र उड़ा लिया. वारदात के बाद भाग रहे अपराधियों को होली क्रॉस स्कूल के पास चेकिंग में लगी ट्रैफिक पुलिस और आम जनता ने घेर लिया. मौके पर एक आरोपी अरबाज खान (निवासी- पगमिल, लोहसिंगना) को दबोच लिया गया, जिसके पास से टूटा हुआ सोने जैसा मंगलसूत्र बरामद हुआ.

गैंग बनाकर शहर में करते थे छिनतई
गिरफ्तार अरबाज ने पूछताछ में कबूला कि वह अपने दोस्त अहमद रजा उर्फ आर्यन की स्कूटी लेकर निकला था और वे लोग 2-3 लड़कों का गैंग बनाकर शहर में छिनतई करते हैं. अरबाज की निशानदेही पर पुलिस ने फौरन छापेमारी कर घटना में शामिल दूसरे आरोपी अब्दुल रहमान (23 वर्ष, निवासी- फ्रेंड्स कॉलोनी, पगमिल) को भी उसके घर से दबोच लिया. कोरा थाना पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.
