हजारीबाग में बच्चों से कराई जा रही मोबाइल की चोरी, संगठित गैंग की आशंका

Hazaribagh: में मोबाइल चोरी करने वाले एक ऐसे अंतरराज्यीय या संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका गहरा गई है, जो मासूम...

Hazaribagh: में मोबाइल चोरी करने वाले एक ऐसे अंतरराज्यीय या संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका गहरा गई है, जो मासूम बच्चों का इस्तेमाल कर वारदातों को अंजाम दे रहा है. ताजा मामला झंडा चौक स्थित सांसद कार्यालय के समीप का है, जहां मोबाइल चोरी की नीयत से घूम रहे एक संदिग्ध बच्चे को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना के बाद से शहर के व्यवसायियों और आम लोगों में हड़कंप है.

रेकी कर उड़ाई मोबाइल

जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार (16 मई) की सुबह करीब 7:44 बजे भुक्तभोगी अमर सिन्हा सांसद कार्यालय के पास सब्जी लेने पहुंचे थे. इसी दौरान एक छोटे बच्चे ने पहले उनकी रेकी की और मौका पाकर जेब से मोबाइल उड़ा लिया. यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. भुक्तभोगी ने इस संबंध में लोहसिंगना थाना में सनहा दर्ज कराया था.

Also Read: हजारीबाग जेल में लगी अदालत और जागरूकता शिविर, बंदियों को मिली मुफ्त कानूनी मदद की जानकारी

अगले ही दिन दोबारा शिकार तलाशने पहुंचा, जनता ने दबोचा

रविवार (17 मई) को वही संदिग्ध बच्चा दोबारा उसी सब्जी मंडी के पास किसी और का मोबाइल उड़ाने की फिराक में मंडरा रहा था. तभी स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ गई. सीसीटीवी फुटेज से हुलिया मिलने के कारण लोगों ने उसे सदर थाना क्षेत्र के बाजार गेट के पास धर दबोचा और तत्काल लोहसिंगना थाना पुलिस को सौंप दिया.

संगठित गिरोह का शक

पकड़ा गया बच्चा इतना शातिर है कि पुलिस की पूछताछ में भी अपना नाम-पता या गैंग के सरगना के बारे में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है. वहीं, एक अन्य स्थानीय नागरिक ने बताया कि ठीक दो दिन पहले इसी जगह पर सब्जी खरीदने के दौरान उनका भी मोबाइल चोरी हुआ था, जिसकी शिकायत उन्होंने थाने में की है. एक ही जगह पर लगातार हो रही इन चोरियों और बच्चे के पकड़े जाने से साफ है कि शहर में कोई बड़ा संगठित गिरोह बच्चों को आगे कर मोबाइल चोरी का धंधा चला रहा है.

जांच के बाद होगी कार्रवाई: थाना प्रभारी

इस संबंध में लोहसिंगना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा ने बताया कि संदिग्ध बच्चे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली शिकायत के आधार पर मामले की गहन जांच चल रही है. जल्द ही इस गिरोह के मुख्य सरगना का पता लगाकर विधि सम्मत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *