Chakradharpur: जिला उपायुक्त के निर्देश से बंदगांव में पीएम जनमन “जन भागीदारी- सबके द्वार, सबसे पहले” कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर एसडीओ श्रुति राजलक्ष्मी मौजूद रहीं. कार्यक्रम में एसडीओ ने कहा, कि पीएम जनमन हेतु चिन्हित गांवों में 18 मई से 25 मई तक “जन भागीदारी – सबके द्वार, सबसे पहले” राष्ट्रव्यापी आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) अभियान का आयोजन किया जाएगा. इस अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से पीवीटीजी एवं जनजातीय समुदायों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ते हुए लाभों की संतृप्ति सुनिश्चित करना है.
गांवों में चलाया जाएगा संपर्क अभियान
एसडीओ ने कहा, कि अभियान के तहत ग्राम स्तर पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य जांच शिविर, अधिकार एवं लाभ से संबंधित शिविर, जन सुनवाई कार्यक्रम तथा ग्राम संपर्क गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं की जानकारी पहुंचाने, लाभुकों की समस्याओं के समाधान तथा योजनाओं के त्वरित लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, कर्मयोगियों, स्वयं सहायता समूहों एवं गैर सरकारी संगठनों की सहभागिता से गांवों में संपर्क अभियान चलाया जाएगा. ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य जांच, पोषण एवं निवारक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे. साथ ही जनजातीय युवाओं, महिला उद्यमियों एवं आजीविका से जुड़े सफल लाभुकों की प्रेरणादायक कहानियों को भी साझा किया जाएगा.

18 मई को होगा कार्यक्रम का शुभारंभ
उन्होंने कहा कि अभियान की रूपरेखा के अनुसार 18 मई को “जन भागीदारी सप्ताह” का शुभारंभ किया जाएगा. 19 मई से 25 मई तक संतृप्ति एवं वृक्षारोपण अभियान, स्वास्थ्य शिविर एवं लाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित होंगे. 20 मई को गांवों में विशेष “विलेज इमर्शन ड्राइव” के तहत अधिकारियों द्वारा ग्राम भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा. 21 मई से 23 मई तक आदि सेवा केंद्रों में “जन सुनवाई” आयोजित कर शिकायतों एवं लंबित लाभों के समाधान की प्रक्रिया तेज की जाएगी. 24 मई को सभी गतिविधियों का दस्तावेजीकरण एवं प्रगति प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा तथा 25 मई को समीक्षा एवं मीडिया ब्रीफिंग के साथ अभियान का समापन होगा.
साथ ही साथ जिला प्रशासन के विशेष पहल से “जन भागीदारी-सबके द्वार, सबसे पहले” के तत्वावधान में 18 मई से 25 मई तक पंचायत दिवस, आहार दिवस, ट्रांजिट वॉक, रक्तदान शिविर, सखी संवाद, विशेष ग्राम सभा, तिथि भोज सह जन्मोत्सव, स्वास्थ्य शिविर, राजस्व शिविर, जनसुनवाई का भी आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम में बीडीओ भीषम कुमार ने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये सभी कर्मचारी युद्धस्तर पर जुट जाएं. उन्होंने कहा कि यह एक जनकल्याणकारी योजना है, जिसमें सभी को लाभ मिलना चाहिए. कार्यक्रम के पूर्व एसडीओ का भव्य रूप से स्वागत किया गया. कार्यक्रम में जीप सदस्य जसफीन हमसाय, सदानंद होता, राजेश पहाड़िया, पवन कुमार, विजय जोंकों समेत सभी ब्लॉक कर्मी, अंचल कर्मी, सभी पंचायत सेवक, जनसेवक, मुखिया एवं जेएसपीएल के सदस्य उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग पुलिस की मुस्तैदी: चलती स्कूटी से महिला का मंगलसूत्र उड़ाने वाले दो दबोचे
