Ranchi: दूरदराज के गांवों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने की दिशा में सीसीएल ने बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) योजना के तहत “उपचार आपके द्वार” अभियान को आगे बढ़ाते हुए चौथे मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) को रवाना किया. सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने इस आधुनिक मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर सीएसआर विभाग सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. नई मोबाइल मेडिकल यूनिट अब लातेहार जिले के बारीयातु और बालूमाथ प्रखंड के 23 गांवों में नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं देगी. इससे करीब 37 हजार ग्रामीणों को सीधा फायदा मिलेगा. खास बात यह है कि खनन परियोजना से प्रभावित गांवों को भी इस योजना में शामिल किया गया है.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: आंधी-तूफान से तबाही, जामडीह-गुंडा बिहार सड़क पर गिरा बिजली का पोल और पेड़, आवागमन बाधित

मोबाइल अस्पताल आधुनिक सुविधाओं से लैस
यह मोबाइल अस्पताल आधुनिक सुविधाओं से लैस है. इसमें सामान्य ओपीडी, मुफ्त दवा वितरण, मधुमेह जांच, खून की जांच, टीबी जांच के लिए आरटी-पीसीआर सुविधा, एआई आधारित पोर्टेबल एक्स-रे और ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम सप्ताह में छह दिन गांव-गांव जाकर लोगों का इलाज करेगी. सीसीएल पहले से ही चतरा, लातेहार और हजारीबाग के कई गांवों में मोबाइल मेडिकल यूनिट चला रही है. ग्रामीणों से मिले अच्छे सहयोग और सकारात्मक परिणाम के बाद अब इस योजना का दायरा बढ़ाया गया है.

यह भी पढ़ें: खूंटी में डबल मर्डर: छऊ नृत्य देखकर लौट रहे दो नाबालिगों की टांगी से काटकर हत्या
