एक माह से बंद पड़ा है डीवीसी का दो नंबर एसटीपी, नालों का गंदा पानी सीधे कोनार नदी में मिलने से प्रदूषण बढ़ा

Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल के डीवीसी ओवरब्रिज के समीप स्थित दो नंबर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) पिछले एक महीने से...

Bermo
बंद पड़ा दो नंबर एसटीपी

Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल के डीवीसी ओवरब्रिज के समीप स्थित दो नंबर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) पिछले एक महीने से पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है. इस महत्वपूर्ण प्लांट का कार्य नहीं करने के कारण पूरी डीवीसी कॉलोनी के घरों का दूषित और गंदा सीवरेज अब बड़े नालों के जरिए सीधे कोनार नदी में प्रवाहित हो रहा है. इस गंभीर लापरवाही की वजह से नदी का पानी प्रदूषित हो रहा है, जिससे जलीय जीवों के साथ-साथ नदी के पानी पर निर्भर रहने वाली एक बड़ी आबादी के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा मंडराने लगा है. इस पूरी अव्यवस्था की मुख्य वजह पिछले महीने हुई एक चोरी की घटना है.

बैटरियों के अभाव में पूरी तरह से बंद पड़ा मुख्य पंप हाउस

दरअसल, बीते 17 अप्रैल को एचएमटी कॉलोनी स्थित आईएसएलएस थ्री के पंप हाउस में सेंधमारी कर वहां लगी आठ कीमती बैटरियां चोरी कर ली गई थीं. इस घटना के एक महीना बीत जाने के बाद भी न तो संबंधित संवेदक कंपनी और न ही डीवीसी प्रबंधन द्वारा वहां नई बैटरियां लगाने की कोई जहमत उठाई गई है. बैटरियों के अभाव में यह मुख्य पंप हाउस पूरी तरह से बंद पड़ा है. तकनीकी व्यवस्था के अनुसार, कॉलोनी का सारा सीवरेज पहले इस पंप हाउस में एकत्रित होता था और वहां से उसे ट्रीटमेंट के लिए दो नंबर एसटीपी भेजा जाता था, जहां पानी को साफ करने के बाद ही आगे छोड़ा जाता था. लेकिन पंप हाउस बंद होने से यह पूरी प्रक्रिया ही ठप हो गई है.

इस पर्यावरण संकट और प्रशासनिक उदासीनता को लेकर दामोदर बचाओ आंदोलन के बोकारो जिला सह संयोजक श्रवण सिंह ने गहरी चिंता व्यक्त की है. उन्होंने बंद पड़े पंप हाउस और दो नंबर एसटीपी को अविलंब दुरुस्त कर चालू करने की पुरजोर मांग डीवीसी प्रबंधन से की है, ताकि नालों से नदी में बेधड़क बह रहे गंदे सीवेज पर तुरंत रोक लगाई जा सके और कोनार नदी को और अधिक प्रदूषित होने से समय रहते बचाया जा सके.

यह भी पढ़ें: ब्यूरोक्रेसी का झारखंड मॉडल: देश के टॉप-100 जिलाधिकारियों की सूची में राज्य का दबदबा, मंजूनाथ भजन्त्री सहित 6 आईएएस चमके

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *