Ranchi: रांची के बड़गाईं अंचल स्थित चेशायर होम रोड स्थित खाता 37 की जमीन की जांच एक बार फिर तेज होती दिख रही है. ED ने इस मामले में मंगलवार को धनंजय तिवारी, अनिल झा और आशीष गोराई समेत पांच अन्य लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया है. एजेंसी ने उक्त सभी लोगों को समन जारी कर पूछताछ में शामिल होने के लिए ED के जोनल कार्यालय में उपस्थित होने को कहा है. धनंजय तिवारी, अनिल झा और आशीष गोराई जामिनी नाम की कंपनी में महत्वपूर्ण पदों पर हैं और रह चुके हैं. जामिनी कंपनी का जुड़ाव और वित्तीय लेनदेन प्रेम प्रकाश के करीबी पुनीत भार्गव से है और उस कंपनी में पुनीत भार्गव के अकाउंट से पैसे ट्रांसफर हुए हैं. अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि खाता 37 जमीन की पूरी डील की सबसे अहम कड़ी पुनीत भार्गव ही है. इस जमीन में पावर ब्रोकर के नाम से चर्चित प्रेम प्रकाश के करीबी पुनीत भार्गव ने कारोबार में करोड़ों रुपए का निवेश किया है.

पुनीत भार्गव ने राजेश राय से 6 फरवरी 2021 को जमीन खरीदी और दो महीने बाद इस भूखंड को 1 करोड़ 80 लाख रूपए में विष्णु अग्रवाल को बेच दी. इस लिहाज से देखने तो पुनीत भार्गव को डेढ़ लाख रुपए का मुनाफा हुआ लेकिन इस पूरी डील में पुनीत भार्गव को करीब 5.50 लाख रुपए का नुक्सान हुआ. क्योंकि पुनीत भार्गव ने जमीन रजिस्ट्री करने के एवज में राजेश राय को 1 करोड़ 78 लाख 55 हज़ार 800 रूपए का भुगतान किया और करीब 7 लाख रुपए का खर्च स्टाम्प और कोर्ट फीस में हुआ था. चेशायर होम रोड स्थित जिस 60 कट्ठा भूखंड की डील पुनीत भार्गव ने की है उसका खाता संख्या 37 और प्लॉट नंबर 28 है. भूमि पर फिलहाल विष्णु अग्रवाल का कब्जा है लेकिन ED ने उस प्रॉपर्टी को अस्थायी रूप से अटैच कर लिया है.
ALSO READ: रांची: प्रेम प्रसंग में युवक ने हाई टेंशन बिजली टावर पर चढ़कर की आत्महत्या
