Chatra : चतरा जिले के कोयलांचल क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों और लेवी वसूली के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. टंडवा थाना क्षेत्र में कोल कंपनियों से लेवी मांगने, धमकी देने और आगजनी की घटना में शामिल जेजेएमपी संगठन के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया गया है.

एसपी को मिली गुप्त सूचना, पुलिस ने की कार्रवाई
डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आम्रपाली परियोजना में माइनिंग और ट्रांसपोर्टिंग कार्य कर रही एनसीसी लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों को जेजेएमपी और प्रतिबंधित टीएसपीसी संगठन के नाम पर लगातार धमकी भरे फोन किए जा रहे थे. उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 2026 की रात को कोयला उत्खनन कार्य में लगी एनसीसी कंपनी की एक वोल्वो ट्रक को पांच अज्ञात अपराधियों ने रोक लिया था. इस दौरान चालक और सुपरवाइजर के साथ मारपीट की गई तथा वाहन के अगले हिस्से में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई.

घटनास्थल पर छोड़ा गया था पर्चा
पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर जेजेएमपी संगठन के शिव जी के नाम से पर्चा भी छोड़ा गया था, जिसमें लेवी नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी. घटना के अगले दिन कंपनी अधिकारियों को फिर फोन कर संगठन के नाम पर लेवी मांगी गई.
ALSO READ : पाकुड़ पुलिस ने की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
विशेष छापेमारी दल ने आरोपी को दबोचा
मामले की जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली कि कांड में शामिल जेजेएमपी का सक्रिय सदस्य रविंद्र सिंह उर्फ रविंद्र सिंह खरवार अपने घर आया हुआ है. सूचना के आधार पर टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने लोहरदगा जिले के जोबांग थाना क्षेत्र स्थित पहाड़ गीर गांव में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
ALSO READ : अपराधियों पर हज़ारीबाग पुलिस का बड़ा प्रहार: 30 टीमों ने 100 ठिकानों पर दी दबिश, 77 गिरफ्तार
उग्रवादियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
डीएसपी मुख्यालय ने कहा कि जिले में उग्रवादी गतिविधियों, लेवी वसूली और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा. उन्होंने मुख्यधारा से भटके युवाओं और उग्रवादियों से समाज की मुख्यधारा में लौटने की अपील भी की. उन्होंने कहा कि अपराध का रास्ता विनाश की ओर ले जाता है और पुलिस अपराधियों तथा नक्सलियों के सफाए के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. इस अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक सुनील सिंह समेत थाना के रिजर्व गार्ड और सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे.
ALSO READ : दारूडीह पंचायत में पेयजल संकट गहराया, ग्रामीणों में आक्रोश
