Giridih: उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने किया. विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान कुल 8 ओवरलोड वाहनों को जब्त किया गया. जिला परिवहन विभाग द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान में मुफस्सिल थाना क्षेत्र से 2, निमियाघाट थाना क्षेत्र से 3 तथा बगोदर थाना क्षेत्र से 3 ओवरलोड वाहनों को पकड़ा गया. जांच के दौरान परिवहन नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

आगे भी लगातार जांच अभियान रहेगा जारी
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि ओवरलोडिंग सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है. इससे जहां सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है, वहीं सड़क और पुल-पुलियों को भी भारी नुकसान पहुंचता है. प्रशासन इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है और आगे भी लगातार जांच अभियान जारी रहेगा.
उन्होंने वाहन चालकों और परिवहन व्यवसायियों से निर्धारित मानकों का पालन करने तथा ओवरलोडिंग से बचने की अपील की. साथ ही स्पष्ट किया कि जिले के विभिन्न मार्गों और थाना क्षेत्रों में आगे भी अचानक जांच अभियान चलाए जाएंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: स्लेग लदे वाहनों के परिचालन पर अनिश्चितकालीन रोक करवाने को लेकर उपायुक्त को सौंपा गया ज्ञापन
