डीएनए रिपोर्ट आने के बाद आएगी स्पष्टता, जांच जारी… सदर थानेदार

Ranchi: रांची के सदर थाना क्षेत्र से लापता हुई 18 महीने की बच्ची अदिति पांडे का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. बीते दो सप्ताह से पुलिस, एनडीआरएफ और नगर निगम की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं, लेकिन अब तक जांच एजेंसियों के हाथ खाली हैं. बताया गया कि अदिति पांडे 9 मई 2026 को कोकर स्थित खोरहा टोली इलाके से लापता हुई थी. शुक्रवार को 23 मई हो गया, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चलने से परिवार में मायूसी और चिंता का माहौल है.
घर के पास से अचानक लापता हुई थी बच्ची
जानकारी के अनुसार, 9 मई की शाम करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच बच्ची घर के बाहर खेल रही थी. इसी दौरान वह अचानक गायब हो गई. बच्ची की मां उस समय घर के अंदर थीं. काफी देर तक बच्ची नहीं दिखने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और बाद में पुलिस को सूचना दी गई.
नाले से नामकुम पुल तक चला सर्च अभियान
बच्ची के घर के समीप बड़ा नाला होने के कारण पुलिस को आशंका थी कि वह खेलते-खेलते उसमें गिर गई होगी. इसके बाद एनडीआरएफ और रांची नगर निगम की टीमों ने ड्रोन कैमरों की मदद से नाले से लेकर नामकुम पुल तक करीब डेढ़ किलोमीटर इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया. हालांकि लगातार खोजबीन के बावजूद कोई सफलता नहीं मिली.
नाले से मिले मांस के टुकड़े, DNA जांच जारी
जांच के चौथे दिन गाड़ी गांव के पास नाले से कुछ मांस के टुकड़े बरामद किए गए थे. इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने बरामद अवशेषों का DNA टेस्ट कराया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह बच्ची का है या नहीं. सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि DNA रिपोर्ट अभी नहीं आई है. रिपोर्ट आने के बाद मामले में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल पुलिस लगातार छानबीन कर रही है.
50 हजार इनाम की घोषणा
रांची पुलिस ने बच्ची के बारे में ठोस जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 50 हजार रुपये नकद इनाम की घोषणा की है. पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है. हालांकि अब तक किसी भी व्यक्ति से कोई ठोस जानकारी पुलिस को नहीं मिल सकी है.
परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका
बच्ची के परिजनों का कहना है कि यह साधारण हादसा नहीं, बल्कि अपहरण का मामला है. बच्ची के पिता ने खुले तौर पर अपहरण की आशंका जताई है. मामले में सदर थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है, लेकिन अब तक कोई बड़ा सुराग हाथ नहीं लगा है.
मामले को लेकर बढ़ा आक्रोश
घटना को लेकर स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. कई सामाजिक संगठनों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. कोकर इलाके में पैदल मार्च भी निकाला गया और लोगों ने जल्द बच्ची को खोजने की मांग उठाई.
देर रात तक चला सर्च अभियान
पुलिस ने देर रात तक इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अलग-अलग नालों में सर्च अभियान चलाया. बावजूद इसके अब तक कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है. सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार का कहना है कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और DNA रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
